


Ranchi. डुमरी विधायक और जेएलकेएम प्रमुख जयराम कुमार महतो पर बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज, अभद्र भाषा के इस्तेमाल और धमकी देने का आरोप लगा है। मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के लिए जल्द समय देने का अनुरोध किया है। एसोसिएशन के पत्र के मुताबिक, 21 अगस्त की रात जयराम महतो ने अपने मोबाइल नंबर से WhatsApp कॉल कर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से कथित तौर पर अभद्र भाषा में बात की। थाना प्रभारी से गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।
पत्र में बातचीत के दौरान धमकी दिए जाने का भी उल्लेख है। कथित तौर पर कहा गया कि सरकार बदलने के बाद जिस थाने में थाना प्रभारी रहेंगे, उन्हें खोजकर नौकरी बर्बाद कर दी जाएगी। पुलिस एसोसिएशन ने इस घटना को लेकर पुलिसकर्मियों में आक्रोश की बात कही है।
पुलिस एसोसिएशन के पत्र में कहा गया है कि यदि जयराम महतो घटना को लेकर माफी नहीं मांगते हैं, तो धनबाद शाखा ने विरोध का निर्णय लिया है।
पुलिसकर्मी काला बिल्ला लगाकर विरोध कर सकते हैं। महासंघ के निर्देश के बाद अनिश्चितकालीन ड्यूटी बहिष्कार की चेतावनी भी दी गई है। एसोसिएशन ने थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि घटना के बाद पुलिसकर्मियों में आक्रोश है और स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। एसोसिएशन ने अपने प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से जल्द मुलाकात का समय देने की मांग की है।

