

Jamshedpur. मंगलवार को जमशेदपुर सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की कि जमशेदपुर को जल्द ही एक प्रमुख मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि बेंगलुरु, केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों से विशेषज्ञ चिकित्सकों को झारखंड लाने की तैयारी की जा रही है।
विभाग की विशेष टीम इन राज्यों के डॉक्टरों से संपर्क साध रही है। दक्षिण के राज्यों की तुलना में झारखंड सरकार विशेषज्ञों को प्रति माह ₹3 लाख तक का आकर्षक वेतन देने के लिए तैयार है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के इंफ्रास्ट्रक्चर और शैक्षणिक विस्तार के लिए ₹600 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसमें से ₹400 करोड़ की राशि जारी भी कर दी गई है।
मरीजों को निजी जांच केंद्रों के महंगे चक्करों से राहत दिलाने के लिए एमजीएम और सदर अस्पताल में जल्द एमआरआई (MRI) तथा सीटी स्कैन (CT Scan) मशीनें स्थापित की जाएंगी। दोनों अस्पतालों में खरीद की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। पूर्व में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के आरोपों पर मंत्री ने कड़ी जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया।

