



Jamshedpur. एक्सएलआरआइ जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट जमशेदपुर में शनिवार को 70वें वार्षिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया. टाटा ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में कुल 530 छात्र-छात्राओं को विभिन्न कार्यक्रमों में डिग्री प्रदान की गयी. इस समारोह का मुख्य आकर्षण रहे आइसीआइसीआइ बैंक के सीइओ संदीप बख्शी, जो एक्सएलआरआई के ही पूर्व छात्र हैं. उन्हें संस्थान का सर्वोच्च सम्मान ‘सर जहांगीर घांदी मेडल फॉर इंडस्ट्रियल एंड सोशल पीस’ प्रदान किया गया. यह पुरस्कार औद्योगिक एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को लेकर दिया गया. एक्सएलआरआइ के डायरेक्टर डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज, एसजे ने समारोह को चिंतन और भविष्य की जिम्मेदारी का क्षण बताया.
अकादमिक उत्कृष्टता के लिए ये हुए सम्मानित
एक्सएलआरआइ मेडल फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस (2025-26) के तहत विभिन्न श्रेणियों में मेडल प्रदान किए गए पारिनीत रेड्डी मेडल (बेस्ट ऑलराउंड स्टूडेंट) अभिनव सिंह रॉय को, गीता सक्सेना मेडल (बेस्ट ऑलराउंड वुमन स्टूडेंट) अनुष्का चतुर्वेदी को, के.वी.के. राजू मेडल (आउटस्टैंडिंग एफपीएम स्टूडेंट) सुधांशु भट्ट को मिला. एचआरएम में खुशी कौर मेहता, बीएम में निश्चल गोयल और अन्य कार्यक्रमों में भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया. सामाजिक पहल के लिए नेहल जैन और सम्यक जैन को विशेष सम्मान मिला.



