

Jamshedpur News: पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार, अवैध हथियार और अड्डेबाजी के खिलाफ जुलाई से 31 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया। अपराध और नशे के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ अभियान के दौरान नशे के अवैध कारोबार से जुड़े 18 मामले दर्ज कर 36 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने 133.9 किलो गांजा और 108.6 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया। वहीं, अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 मामले दर्ज किए गए और 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 10 देसी हथियार और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए। अड्डेबाजी के खिलाफ भी विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान 2000 से अधिक लोगों की जांच की गई, जबकि 787 लोगों को पीआर बांड पर छोड़ा गया।
पूर्वी सिंहभूम जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब ने बताया कि जिला पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस’ के तहत जुलाई और अगस्त में 133.9 किलोग्राम गांजा और 108.6 ग्राम ‘ब्राउन शुगर’ आदि जब्त किए गए।
उन्होंने कहा, “अभियान के दौरान आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए और 36 तस्करों को पकड़ा गया।”
वकारिब ने बताया कि इसी अवधि के दौरान असामाजिक गतिविधियों में शामिल होने के संदेह में कुल 787 लोगों को ‘‘पीआर बांड’’ पर छोड़ा गया। जिले में आपराधिक गतिविधियों, अवैध हथियार रखने वालों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा था।

