


Jamshedpur. जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित सर्किट हाउस के पास मंगलवार को एक सड़क हादसा सामने आया, जब तेज रफ्तार से जा रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चालक, जो एक बुजुर्ग व्यक्ति बताए जा रहे हैं, को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार बिष्टुपुर की ओर से साईं मंदिर की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान सर्किट हाउस के पास पहुंचते ही कार के आगे के दोनों टायर अचानक फट गए। टायर फटते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। इसके बाद वाहन आगे बढ़ते हुए एक पेड़ से भिड़ गया, जहां जाकर वह रुका।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह टायर फटना माना जा रहा है, हालांकि अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि टायर फटने के पीछे कोई तकनीकी खराबी थी या कोई अन्य कारण। जांच पूरी होने के बाद दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।



