


Jamshedpur. बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सिदो कान्हू बस्ती के समीप स्थित पुराने और जर्जर क्वार्टर में ईंट निकालने के दौरान छज्जा गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. मृतक की पहचान मोहम्मद मुन्ना के रूप में हुई है और घायल महिला उसकी पत्नी शाजिया परवीन है.
जानकारी के अनुसार, यह दंपती आफताब, बबन और लड्डुन नामक अन्य मजदूरों के साथ क्वार्टर से ईंट निकालने का काम कर रहा था. ये सभी मजदूर ठेकेदार के अधीन काम कर रहे थे, शनिवार को काम के दौरान अचानक ऊपर से जर्जर छज्जा गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद सभी मजदूर दब गए. स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों की मदद से घायलों को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां मोहम्मद मुन्ना को मृत घोषित कर दिया गया.
शाजिया परवीन का इलाज फिलहाल जारी है. हादसे की सूचना मिलने पर बर्मामाइंस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की. मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है.



