Jamshedpur.परसुडीह इलाके में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। चांदनी चौक स्थित ग्रामीण बैंक के समीप एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पूरी दुर्घटना घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, हादसा परसुडीह के चांदनी चौक स्थित ग्रामीण बैंक के पास हुआ। बाइक सवार दो लोग सड़क से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने अचानक उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की। इसके बाद दोनों घायलों को परसुडीह थाना लाया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल दोनों घायलों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दुर्घटना की जांच कर रही है और फरार चालक की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।


