


Jamshedpur. गोलमुरी थाना क्षेत्र के हावड़ा ब्रिज के समीप बुधवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। फ्लाई ऐश लदा एक हाईवा गोलमुरी से साकची की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक सामने आई एक कार को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ दिया, जिससे हाईवा अनियंत्रित हो गया। अनियंत्रित हाईवा पहले सड़क किनारे लगे टावर पोल से जोरदार तरीके से टकराया और फिर डिवाइडर पर चढ़ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक भी सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी, ताकि यातायात व्यवस्था सामान्य की जा सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक ने सामने आई कार को बचाने की कोशिश की, जिसके कारण वाहन पर से उसका नियंत्रण हट गया और यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



