

Jamshedpur. युवा कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच में पुलिस ने मंगलवार को एक और बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने गैंगस्टर विक्रम शर्मा की कंपनी विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के शिवसिंह बगान स्थित कार्यालय में छापेमारी की। कार्यालय में ताला बंद होने के कारण पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई थी। पुलिस की टीम ने कार्यालय के अंदर मौजूद दस्तावेजों और अन्य कागजातों की गहन जांच की। टेबल की दराज से लेकर कार्यालय में रखे विभिन्न दस्तावेजों और कागजातों को खंगाला गया। जांच के बाद पुलिस टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गई।
पुलिस की जांच मुख्य रूप से निखार सबलोक हत्याकांड के कथित मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन पर केंद्रित है। बताया जाता है कि इसी कार्यालय से विक्रम शर्मा अपना कारोबार संचालित करता था। देहरादून में विक्रम शर्मा की हत्या के बाद अशोक सिंह राघव द्वारा उसके कारोबार से जुड़े मामलों को देखे जाने की बात सामने आई है। इससे पहले दो दिन पूर्व पुलिस ने अशोक सिंह राघव के सोनारी स्थित कार्यालय और आवास पर भी छापेमारी की थी।
मंगलवार की कार्रवाई में सिदगोड़ा पुलिस के साथ चांडिल, साकची और बिष्टुपुर थाना की पुलिस भी शामिल रही। पुलिस हत्याकांड से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान अपराध से जुड़े लोगों की वित्तीय गतिविधियों और लेन-देन पर भी विशेष नजर रखी जा रही है। छापेमारी के दौरान पूरे इलाके की घेराबंदी कर पुलिस बल की तैनाती की गई थी।

