
Jamshedpur. जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है. बैंक खुलते ही करीब पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में घुसे और वहां मौजूद कर्मचारियों को बंधक बना लिया. इसके बाद अपराधियों ने बैंक से सोना और बड़ी मात्रा में नकदी लूटी और पैदल ही मौके से फरार हो गए. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में 42 लाख रुपए नगद और भारी मात्रा में जेवरात के लूटे जाने की बात सामने आई है.

हालांकि, बैंक से कितनी नकदी और कितना सोना लूटा गया है, इसका अभी आधिकारिक आकलन नहीं हो पाया है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.

साथ ही अपराधियों के भागने के संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है. लूट की इस वारदात के बाद पुलिस ने अपराधियों की तलाश में कई टीमों को सक्रिय किया है. आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
