Jamshedpur. जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई लूट की घटना के बाद गालूडीह थाना क्षेत्र में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है. बैंक में हथियारबंद अपराधियों द्वारा कर्मचारियों को बंधक बनाकर सोना और बड़ी मात्रा में नकदी लूटकर फरार होने की सूचना के बाद पुलिस ने जिले के प्रमुख मार्गों पर निगरानी तेज कर दी है. घटना के बाद घाटशिला एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में पुतड़ु टोल प्लाजा पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है.

गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार पुलिस जवानों के साथ टोल प्लाजा पर तैनात हैं और जमशेदपुर समेत अन्य इलाकों से आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा बस, कार, मोटरसाइकिल समेत विभिन्न वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है. संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस बैंक लूट की घटना के बाद अपराधियों के संभावित भागने वाले रास्तों को ध्यान में रखते हुए वाहनों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है.

संदिग्ध वाहनों पर पुलिस की नजर
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक लूट के बाद अपराधी किस दिशा में फरार हुए. पुतड़ु टोल प्लाजा से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. पुलिस संभावित हुलिया, वाहन और भागने के रास्तों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है.
गोलमुरी बैंक लूट के बाद गालूडीह क्षेत्र के प्रमुख रास्तों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस बल की तैनाती की गई है.
अधिकारियों के निर्देश पर जांच अभियान लगातार जारी है. पुलिस का मुख्य फोकस संदिग्ध वाहनों और लोगों की पहचान कर उन्हें रोकना, तलाशी लेना और जरूरत पड़ने पर पूछताछ करना है. बैंक लूट की घटना के बाद अपराधियों की तलाश में पुलिस जिले के अलग-अलग मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा रही है.

