Jamshedpur. एमजीएम मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग के गंभीर मामले में कॉलेज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
एंटी रैगिंग कमेटी की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद 2024 बैच के 14 और 2025 बैच के 3 समेत कुल 17 आरोपी छात्रों को तत्काल प्रभाव से हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है। इसके अलावा सभी 17 छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है।

अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत 2024 बैच के 14 छात्रों को 15 दिनों के लिए क्लास में शामिल होने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। वहीं 2025 बैच के 3 छात्रों को 8 अक्टूबर से शुरू होने वाली प्रैक्टिकल परीक्षा में बैठने पर रोक लगा दी गई है। कॉलेज प्रशासन ने इन छात्रों के परीक्षा परिणाम रोकने के लिए कोल्हान विश्वविद्यालय को औपचारिक पत्र भेजा है। यह पूरा मामला तब सामने आया जब नए सत्र के 26 जूनियर छात्रों ने रैगिंग की शिकायत करते हुए ऑडियो-वीडियो साक्ष्य प्रस्तुत किए।

राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के निर्देश पर गठित एंटी रैगिंग सेल ने करीब 48 घंटे तक मैराथन जांच की। हॉस्टल के सीसीटीवी फुटेज, सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों और प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के बयानों से पुष्टि हुई कि आरोपी छात्र लगातार दो रातों तक देर रात 12 से 2 बजे के बीच जबरन हॉस्टल में दाखिल हुए थे। कॉलेज प्रबंधन ने पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट एनएमसी को भेज दी है। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए हॉस्टल में 12 होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं।

