Jamshedpur. सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार को मामले के मुख्य आरोपी मोहन यादव को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ बाइक चला रहे साथी को भी पुलिस ने पकड़ा है।

निशानदेही पर पिस्तौल और बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार, मोहन यादव की निशानदेही पर फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और शूटरों की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। शूटरों को बाइक और अन्य सामान उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को लेकर पुलिस जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई है।

अजीत मंडल और साथियों की तलाश जारी
इधर, शूटर अजीत मंडल और उसके दो साथियों के सिदगोड़ा क्षेत्र में होने की सूचना पर पुलिस ने रविवार को कई स्थानों पर घेराबंदी की। हालांकि, तीनों पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
चार आरोपी 72 घंटे की रिमांड पर
मामले में छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार मनोज सरकार, टिटू शर्मा, दीपू ओझा और शंकर मुंडा को 72 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पुलिस को घटना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की बात सामने आई है।
26 सितंबर को हुई थी 12 राउंड फायरिंग
गौरतलब है कि 26 सितंबर को उडुपी रेस्टोरेंट में बाइक सवार दो युवकों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की थी। गोलीबारी में कदमा जयप्रभा कॉम्प्लेक्स निवासी डोमनिक सैमसंग, कपाली निवासी रिजवान दिलसाद और सोनारी निवासी कृष्णा घायल हुए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी में जुटी थी।

