
Jamshedpur/Ranchi भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने शुक्रवार को रांची और जमशेदपुर में प्रदर्शन किया और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पुतले जलाए। भाजपा ने गांधी पर नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर युवाओं को गुमराह करने और झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में कथित अनियमितताओं पर चुप रहने का आरोप लगाया। राज्य की राजधानी रांची में इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने किया।
भाजपा कार्यकर्ता अल्बर्ट एक्का चौक पर इकट्ठा हुए और उन्होंने ‘राहुल गांधी का दोहरा चरित्र नहीं चलेगा’ और ‘राहुल गांधी, जेपीएससी पर अपनी चुप्पी तोड़ो’ जैसे नारे लगाए। साहू ने पत्रकारों से कहा, “हम राज्य में जेपीएससी में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच की मांग करते हैं। राज्य सरकार इस मुद्दे पर बात करने के लिए तैयार नहीं है। झामुमो के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार में शामिल कांग्रेस भी चुप है। वे यहां इस मुद्दे पर क्यों नहीं बोल रहे हैं? इससे उनका दोहरा रवैया दिखाई देता है।” पुलिस ने बुधवार को झारखंड लोक सेवा आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इन सभी पर आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं में शामिल होने का आरोप है।
जमशेदपुर में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है, जबकि झारखंड समेत उन राज्यों में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दों पर चुप है, जहां उसकी सरकार है।
दिन में बाद में, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जुबली पार्क गोलचक्कर पर राहुल गांधी का पुतला फूंका।
