


Jamshedpur. जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के पीपला मोड़, एनएच-33 के किनारे से एक युवती का शव गुरुवार को पुलिस ने बरामद किया है. शव के पास से एक स्कूटी भी बरामद की गई है. प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान जोबा रानी सोरेन के रूप में हुई है. पुलिस ने स्कूटी के कागजातों की जांच कर यह पुष्टि की. हालांकि, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती की मौत किसी सड़क हादसे में हुई या मामला हत्या का है. एमजीएम थाना के एएसआई तोरी उरांव ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है.
परिजनों ने बताया कि जोबारानी मुसाबनी के पोस्ट ऑफिस में क्लर्क थी. परिवार में चार बहनें और एक भाई हैं, जिनमें दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है. जोबा अविवाहित थी. वो ही घर का सारा खर्च अकेले उठाती थी और परिवार की आर्थिक रीढ़ थी. उसके पिता की अगस्त 2024 में बीमारी से मौत हो गई थी. वहीं, उसकी मां का इस साल जनवरी में देहांत हुआ था.



