


Jamshedpur. साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत आमबागान स्थित सना कॉम्प्लेक्स में संचालित एक निजी लाइब्रेरी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने अचानक एक युवती पर हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने स्टील की पानी की बोतल से युवती के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. अचानक हुई इस घटना से लाइब्रेरी में पढ़ाई कर रहे अन्य छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. हमले के बाद आरोपी युवक लाइब्रेरी से बाहर निकलकर भागने का प्रयास करने लगा. इसी दौरान नीचे परिसर में खड़ी एक दूसरी युवती को उसने निशाना बनाया. आरोपी ने युवती के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया और उसके साथ मारपीट की.
युवती के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को घेर लिया. स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए युवक को पकड़कर काबू में कर लिया और तुरंत इसकी सूचना साकची थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाना ले गई. घायल दोनों युवतियों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. बताया जा रहा है कि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पहली युवती को टांके लगाए गए हैं, जबकि दूसरी युवती को भी चोटें आई हैं.



