


Jamshedpur. जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टुइलाडूंगरी इलाके में शुक्रवार की रात करीब 9 बजे दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर फायरिंग कर दी. फायरिंग के दौरान युवक को कोई गोली नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया. युवक की पहचान टुईलाडूंगरी निवासी लोचन कुमार के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोचन राधाकृष्ण मंदिर के पास रोजाना की तरह टहल रहा था. तभी अचानक दो बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उसे निशाना बनाते हुए दो राउंड फायरिंग की. गोली चलने की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. लेकिन तब तक हमलावर भागने में सफल हो चुके थे.
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मौके के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. साथ ही लोचन कुमार से भी पूछताछ की गई है, लेकिन उसने किसी से रंजिश या हालिया विवाद से साफ इनकार किया है.



