


Jamshedpur/Ranchi. जमशेदपुर समेत देशभर के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शनिवार को कुछ केंद्रों पर तकनीकी खराबी के कारण देरी से शुरू हुई। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने यह जानकारी दी। जमशेदपुर में सीयूईटी-यूजी परीक्षा सर्वर डाउन होने के कारण ढाई घंटे देरी से शुरू हुई। इससे छात्रों और अभिभावकों को भीषण गर्मी में लंबे इंतजार और असुविधा का सामना करना पड़ा।परीक्षा सुबह 9 बजे आरंभ होनी थी, लेकिन सर्वर डाउन होने के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। इसके चलते परीक्षा दोपहर 12 बजे समाप्त होने के बजाय अब दोपहर 2:20 बजे तक संचालित की गई।
एनटीए के अनुसार, समस्या अब दूर कर ली गई है और सभी अभ्यर्थियों को पूरा प्रतिपूरक समय दिया जा रहा है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो।
एजहेंसी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘टीसीएस ने जानकारी दी है कि शनिवार को कुछ परीक्षा केंद्रों पर उनकी ओर से आई तकनीकी खराबी के कारण सीयूईटी-यूजी 2026 परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। अब समस्या का समाधान कर लिया गया है और परीक्षा अतिरिक्त समय-व्यवस्था के साथ आयोजित की जा रही है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को नुकसान न हो।’’
एनटीए ने परीक्षा के दोपहर के सत्र का संशोधित समय भी जारी किया। इसने कहा, ‘‘उम्मीदवारों की रिपोर्टिंग और प्रवेश अपराह्न 2:30 बजे से होगा, जबकि परीक्षा अब अपराह्न तीन बजे के बजाय चार बजे शुरू होगी।’’
एजेंसी ने बताया कि सुबह सत्र के अभ्यर्थियों को भी प्रश्नपत्र हल करने के लिए पूरा निर्धारित समय दिया जा रहा है और परीक्षा पूरी होने के बाद ही उन्हें केंद्र से बाहर जाने की अनुमति होगी।
एनटीए ने कहा, छात्रों और अभिभावकों को हुई असुविधा के लिए हम खेद व्यक्त करते हैं।’’ सहायता के लिए एनटीए ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है।



