

Jamshedpur. टेल्को कॉलोनी के रहने वाले राजेश गिरी को एक अनजान कॉल आई थी. कॉल करने वाले ने ओटीपी मांगा. राजेश ने ओटीपी बता दिया. इसके कुछ ही देर बाद उनके बैंक खाते से 63,200 रुपये निकल गए. राजेश ने मामले की शिकायत टेल्को थाना में की. पुलिस के अनुसार, जिस नंबर से राजेश को कॉल आई थी, उस अज्ञात धारक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
एफआईआर में एक मोबाइल नंबर का जिक्र है. पुलिस अब इस नंबर के बारे में जानकारी जुटा रही है. साथ ही ठगी के तरीके और पैसों के लेनदेन की भी जांच की जा रही है. ज्ञात हो कि जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में साइबर ठगी के मामले बढ़ें हैं. जादूगोड़ा में भी साइबर अपराध के मामले चर्चे में हैं. पुलिस ने लोगों से अनजान कॉल पर ओटीपी साझा नहीं करने की अपील की है.

