


Jamshedpur. चर्चित अपराधी प्रिंस खान गैंग से जुड़े आरोपी दशरथ शुक्ला को जमशेदपुर कोर्ट से जमानत मिल गई है। वह एक कारोबारी से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और अवैध हथियार रखने के मामले में जेल में बंद था। मामले के अनुसार, दशरथ शुक्ला ने लकड़ी कारोबारी हरेराम सिंह से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। कारोबारी के स्टाफ के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और कई ठिकानों पर छापेमारी की।
आरोपी की गिरफ्तारी कुछ महीने पहले रांची और बुंडू पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह बुंडू सूर्य मंदिर के पास मौजूद है। इसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से कंट्री मेड पिस्टल, रिवाल्वर समेत छह हथियार और बड़ी मात्रा में गोलियां बरामद की गई थीं।
गिरफ्तारी के बाद दशरथ शुक्ला को जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल भेज दिया गया था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और रंगदारी से संबंधित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। पूछताछ में उसके प्रिंस खान गैंग से संबंधों की पुष्टि भी हुई थी, जिससे जांच का दायरा बढ़ा।



