

Jamshedpur.सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूडीह ग्वाला बस्ती में अवैध विदेशी शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम की टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया, जिसमें अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बाबूडीह ग्वाला बस्ती इलाके में अवैध रूप से विदेशी शराब का भंडारण और बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर गठित टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी करते हुए एक स्थान से भारी मात्रा में शराब जब्त की। शराब को अवैध रूप से बाजार में खपाने की तैयारी थी। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त एक अभियुक्त को भी गिरफ्तार किया। उत्पाद विभाग ने जब्त की गई शराब को विधिवत अपने कब्जे में लेते हुए अभियुक्त के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अग्रेतर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



