
Jamshedpur. जमशेदपुर में व्यवसायी पुत्र कैरव गांधी के अपहरण मामले में जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अपहरण गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने कैरव गांधी की सुरक्षित घर वापसी सुनिश्चित कर शहरवासियों को राहत दी थी। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को अपहरणकर्ताओं की गतिविधियों की सटीक जानकारी मिल चुकी थी।
इसी आधार पर हजारीबाग जिले के बरही इलाके में पुलिस की विशेष टीम ने सादे लिबास में जाल बिछाया। अपराधियों को भनक तक नहीं लगी कि पुलिस उनकी हर हरकत पर नजर बनाए हुए है। जैसे ही पुख्ता सूचना मिली, पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर एक साथ आठों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से दो एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) गाड़ियां और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
बरामद वाहनों को जमशेदपुर के एक थाने में सुरक्षित रखा गया है।
फिलहाल पकड़े गए सभी आरोपियों से अलग-अलग गुप्त ठिकानों पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस गिरोह के नेटवर्क और इस पूरी साजिश के मास्टरमाइंड तक पहुंचने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस सनसनीखेज वारदात में शहर के किन-किन स्थानीय गुर्गों की भूमिका रही। संभावना है कि एसएसपी जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा करेंगे।
