
जमशेदपुर।
बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के निवासी पिछले दो दिनों से गंभीर जल संकट का सामना कर रहे हैं। कॉलोनी की जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे सुबह और शाम दोनों वक्त पीने के पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। बताया जाता हैं कि रोड नंबर 1 स्थित पानी टंकी के पंप का खराब हो जाना, जिसके चलते 1140 क्वार्टर के परिवार प्रभावित हुए हैं।
पानी खरीद रहे है लोग
वही पानी नहीं आने के कारण कालोनी की स्थिति काफी गंभीर है , स्थानिय लोगों को या तो पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है या फिर दूर-दराज के इलाकों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही हैं। रविवार को भी पानी की आपूर्ति नहीं होगी, जिससे लोगों को और मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए पीएचडी विभाग के एसडीओ जितेंद्र कुमार से वार्ता की। उन्होंने बताया कि पंप हाउस की मोटर का हाउजिंग पंप लेथ मशीन में बनवाने के लिए भेजा गया था, लेकिन उसमें जरूरी पुर्जे जैसे नया बुथ, बेरिंग, चाबी हाउजिंग आदि अब तक नहीं लग पाए हैं। ऐसे में जल आपूर्ति बहाल होने की संभावना सोमवार शाम तक ही जताई जा रही है।
पंचायत समिति ने संभाला मोर्चा
इस विकट परिस्थिति को देखते हुए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा संभाल लिया है। विधायक संजीव सरदार के सौजन्य से जुस्को के टैंकरों से बागबेड़ा रोड नंबर 1, 4 और 6 में निःशुल्क पानी वितरित कराया गया है। वहीं, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने अपने निजी टैंकर से रोड नंबर 5 और चित्रगुप्त पूजा मैदान सहित अन्य इलाकों में निःशुल्क पीने के पानी की व्यवस्था करवाई है।
रविवार को भी टैंकरों के माध्यम से पूरे बागबेड़ा कॉलोनी में पानी वितरण जारी रहेगा। वितरण कार्य में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर, वार्ड सदस्य ओमप्रकाश और झामुमो के दक्षिण बागबेड़ा पंचायत अध्यक्ष संजय महतो भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
READ MORE :Adityapur: आदित्यपुर के आरएसबी प्लांट वन में लगा रक्तदान शिविर, एमडी ने दिया रक्तदाताओं को संदेश
स्थानीय लोगो में आक्रोश
सुनील गुप्ता ने बताया कि ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की मासिक बैठक वर्षों से नहीं हुई है और पंप ऑपरेटरों का वेतन भी लम्बे समय से लंबित है। विभाग की इस उदासीनता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने विभागीय हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी, तो स्थानीय लोगों का आक्रोश उबाल पर पहुंच सकता है।
बागबेड़ा जैसी घनी आबादी वाले क्षेत्र में पानी की सप्लाई बाधित होना लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। सोमवार तक स्थिति सामान्य होने की उम्मीद की जा रही है, लेकिन यह भी प्रशासनिक तत्परता पर निर्भर करता है।
