जमशेदपुर: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। 19 जुलाई 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले में 90 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में 82 और घाटशिला अनुमंडल में 8 परीक्षा केंद्र शामिल हैं।
परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एडीसी, जेएनएसी नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, डीईओ, डीएसई, डीएसपी, बीडीओ, सीओ, केंद्राधीक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी, ऑब्जर्वर और अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
तीन पालियों में होगी परीक्षा
जिला प्रशासन के अनुसार परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी।
- पहली पाली: सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक
- दूसरी पाली: सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक
- तीसरी पाली: दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
प्रवेश केवल निर्धारित समय तक ही दिया जाएगा। विलंब से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी।
फ्रिस्किंग होगी अनिवार्य, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अभ्यर्थियों की अनिवार्य फ्रिस्किंग की जाएगी। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
सुबह 5 बजे से सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे 19 जुलाई को सुबह 5 बजे जिला नियंत्रण कक्ष से आवश्यक निर्देश प्राप्त कर समय पर अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचें और परीक्षा समाप्त होने तक ड्यूटी पर मौजूद रहें।
डीसी बोले— निष्पक्ष और कदाचारमुक्त परीक्षा हमारी प्राथमिकता
उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों की सुविधा के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
एसएसपी की चेतावनी— नकल और फर्जी परीक्षार्थियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा उड़नदस्ता और पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय रहेंगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि नकल, प्रतिरूपण (Impersonation) या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।