

Jamshedpur. मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. लगातार बारिश के कारण लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है. लगातार बारिश के बीच चांडिल डैम का जलस्तर भी बढ़ रहा है. स्थिति को देखते हुए डैम के 13 रेडियल गेट खोल दिए गए हैं. ओडिशा के बांधों से भारी डिस्चार्ज के कारण आदित्यपुर ब्रिज स्थल पर खरकई नदी खतरे के निशान (129.00 मीटर) को पार कर 129.03 मीटर पर बह रही है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि खरकई और स्वर्णरेखा दोनों नदियों के जलस्तर का वर्तमान रुझान फिलहाल घटने (फॉलिंग) की ओर है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चांडिल डैम से लगातार पानी छोड़े जाने और जलस्तर बढ़ने के कारण ईचागढ़ और जमशेदपुर के निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है.
प्रशासन ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. बारिश और डैम से पानी छोड़े जाने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. स्थानीय लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई है.

