


जमशेदपुर। आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को निर्मल गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और राज्य के विभिन्न जनमुद्दों को लेकर आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने छात्र-युवाओं के लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने के कथित प्रयास पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि JPSC और JSSC अभ्यर्थियों के साथ कथित लाठीचार्ज एवं मारपीट की घटना के विरोध में आजसू पार्टी जिला मुख्यालय पर राज्य सरकार का पुतला दहन करेगी। इसके लिए जिला प्रशासन से विधिवत अनुमति ली जाएगी।
रामचंद्र सहिस ने कहा कि आजसू पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं से जुड़े सवालों को गंभीरता से उठाना जरूरी है और पार्टी उनके अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करती रहेगी।
सड़क से सदन तक संघर्ष का ऐलान
जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि आजसू पार्टी राज्य के ज्वलंत जनमुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन को और मजबूत करते हुए पार्टी की गतिविधियों को पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने और आम लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया। बैठक में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने तथा बूथ और पंचायत स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
अप्पू तिवारी को मिली नई जिम्मेदारी
बैठक के दौरान अप्पू तिवारी को पूर्वी विधानसभा का BLA-1 प्रभारी बनाए जाने की घोषणा की गई। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपते हुए विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और मजबूत करने की अपेक्षा जताई।
महिला संगठन को मजबूत करने के लिए जिला महिला संयोजक के नेतृत्व में प्रखंडवार महिला समितियों के शीघ्र विस्तार की जिम्मेदारी भी महिला समिति को सौंपी गई। पार्टी का लक्ष्य बूथ से लेकर पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करना है।
चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने, कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया।
पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन के विस्तार के साथ-साथ स्थानीय जनसमस्याओं को मजबूती से उठाने और जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
बैठक में रामचंद्र सहिस, कन्हैया सिंह, संजय मालाकार, अप्पू तिवारी, कान्हु सामंत, राजेश चौधरी, शैलेन्द्र सिन्हा, चंद्रेश्वर पांडेय, दीपक पांडेय, जमाल खान, ललन झा, आकाश सिन्हा, मृत्युंजय सिंह, सुधीर सिंह, रामदेव हेंब्रम, ललित सिंह, परवीन प्रसाद, मंटू शुक्ला, मुन्ना भाई, सोनू सिंह, राजा कुमार, संजय कुमार समेत बड़ी संख्या में आजसू पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

