


जमशेदपुर। झारखंड की लौहनगरी जमशेदपुर के मानगो इलाके में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार की सुबह उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 1 (रिफ्यूजी कॉलोनी के सामने) स्थित ‘विश्वनाथ ज्वेलर्स’ में दिनदहाड़े एक बड़ी और दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। एक शातिर अपराधी ने दुकानदार के 16 वर्षीय बेटे को अपनी बातों के जाल में फंसाकर लगभग 25 लाख रुपये के कीमती सोने के जेवरात उड़ा लिए। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
एक दिन पहले खरीदारी कर जीता था विश्वास दुकान के मालिक विश्वनाथ दत्ता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अपराधी ने पूरी रेकी और प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है। सोमवार की शाम को जब उनका 16 वर्षीय बेटा अभिजीत दत्ता दुकान पर बैठा था, तब टोपी पहने हुए एक अज्ञात युवक ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुआ। उसने लगभग 5,500 रुपये का सोने का एक छोटा सा सामान खरीदा, नकद पैसे दिए और चला गया। इस खरीदारी से उसने दुकानदार के बेटे का विश्वास जीत लिया था।
CCTV में कैद हुई 25 लाख की चोरी की लाइव वारदात अगले दिन मंगलवार की सुबह लगभग 11:30 बजे, वही शातिर अपराधी दोबारा विश्वनाथ ज्वेलर्स पहुंचा। उस वक्त भी दुकान के काउंटर पर अभिजीत ही मौजूद था। अपराधी ने फिर से सोने के जेवरात देखने की इच्छा जताई। जब अभिजीत उसे जेवरात दिखाने के लिए गहनों वाला ड्रॉल (दराज) खोल रहा था, उसी दौरान अपराधी ने बड़ी चालाकी से अपने दोनों हाथों का इस्तेमाल किया।
उसने दराज के अंदर से सबसे कीमती सोने के जेवरों से भरा हुआ एक पूरा बक्सा निकाला और पलक झपकते ही उसे अपनी पीछे की पैकेट (जेब) में छिपा लिया। यह पूरी घटना दुकान के सीसीटीवी कैमरे में स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई है। बक्सा चुराने के बाद अपराधी ने कुछ देर तक अभिजीत को बातों में उलझाए रखा और फिर बड़े आराम से दुकान से फरार हो गया।
मालिक के उड़े होश, उलीडीह थाने में मामला दर्ज कुछ देर बाद जब अभिजीत को चोरी का अहसास हुआ, तो उसने तुरंत अपने पिता विश्वनाथ दत्ता को फोन कर घटना की जानकारी दी। खबर सुनते ही विश्वनाथ दत्ता बदहवास हालत में दुकान पहुंचे। जो बक्सा चोरी हुआ था, उसमें दुकान के सबसे महंगे सोने के जेवरात रखे हुए थे। पीड़ित दुकानदार ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय उलीडीह थाना पुलिस और भाजपा नेता विकास सिंह को दी।
“पूरा मानगो अपराधियों की गिरफ्त में” – विकास सिंह घटना की सूचना पाते ही भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह दलबल के साथ विश्वनाथ ज्वेलर्स पहुंचे। उन्होंने राज्य की चरमराती कानून-व्यवस्था पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि, “आज पूरा मानगो इलाका अपराधियों की गिरफ्त में आ चुका है। कोई भी ऐसा दिन नहीं गुजरता जिस दिन अखबारों की सुर्खियां मानगो में हो रहे अपराध की कहानियों से न सजी हों।”
विकास सिंह ने वरीय पुलिस प्रशासन से इस बड़ी चोरी के मामले का जल्द से जल्द उद्भेदन (खुलासा) करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस मामले का खुलासा करने और अपराधी को पकड़ने में देरी करती है, तो पूरा स्वर्णकार समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
मौके पर मुख्य रूप से भाजपा नेता विकास सिंह के साथ राजेश साहू, दीपक दत्ता, निरंजन झा, नीरज साहू सहित कई स्थानीय लोग और व्यापारी उपस्थित थे। फिलहाल, उलीडीह पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधी की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।



