


जमशेदपुर: बी.एड., एम.एड., बी.पी.एड. और एम.पी.एड. संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2026 को पारदर्शी, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जमशेदपुर जिला प्रशासन ने अपनी पूरी तैयारियां कर ली हैं। परीक्षा का आयोजन आगामी 31 मई 2026 (रविवार) को जिला मुख्यालय स्थित 7 अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक एक ही पाली में आयोजित होगी।
समाहरणालय में हुई दंडाधिकारियों और केन्द्राधीक्षकों की बैठक
परीक्षा के सफल संचालन के लिए उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस बैठक में एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर), एसडीएम धालभूम, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक के दौरान सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केन्द्राधीक्षकों को परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शांति व्यवस्था के लिए स्टैटिक और भ्रमणशील दंडाधिकारी तैनात
परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था और निष्पक्ष परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने भ्रमणशील दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को 31 मई की सुबह 07:00 बजे से अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
साथ ही, सभी स्टैटिक दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा शुरू होने से कम-से-कम दो घंटे पहले (सुबह 08:00 बजे तक) अपने संबंधित परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित होना अनिवार्य है। अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी गई है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की आशंका होने पर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाए।
केंदों पर अनिवार्य फ्रिस्किंग, गैजेट्स ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए सख्त नियम लागू किए हैं। परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे— मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल डायरी और कैलकुलेटर आदि ले जाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसके अलावा कोई भी पुस्तक, नोटबुक, बैग या अतिरिक्त कागजात परीक्षा हॉल में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच (Frisking) की जाएगी। बिना फ्रिस्किंग के किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिला प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि यह प्रवेश परीक्षा एक स्वच्छ और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो।



