
जमशेदपुर।
बहरागोड़ा-बारिपदा मार्ग पर जामशोला के निकट सोमवार देर रात एक प्रोपलीन गैस टैंकर से गैस रिसाव की सूचना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई थी। हालांकि जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की तत्परता और विशेषज्ञों की निगरानी में स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया है।
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गैस रिसाव वाले टैंकर से गैस को सुरक्षित रूप से अन्य टैंकर में स्थानांतरित किया गया, जिसे अब गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है। फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन फिर से सामान्य हो चुका है और इलाके में डर या दहशत का कोई माहौल नहीं है।
READ MORE :Jamshedpur News :डूरंड कप ट्रॉफी टूर से पहले XLRI सभागार का निरीक्षण, उपायुक्त और SSP ने दिए निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने राहत व बचाव कार्यों में जुटी सभी एजेंसियों — एनडीआरएफ, अग्निशमन दल, जिला प्रशासन, पुलिस एवं स्थानीय ग्रामीणों — की सराहना की।
उपायुक्त ने कहा, “विशेषज्ञों की निगरानी और सभी एजेंसियों के बीच बेहतरीन समन्वय के चलते संभावित बड़े हादसे को सफलतापूर्वक टाल दिया गया। हमारी प्राथमिकता जनजीवन की सुरक्षा और सामान्य स्थिति की बहाली थी, जिसमें हम पूरी तरह सफल रहे हैं।”
रात भर चली कार्यवाही में गैस रिसाव को पहले नियंत्रित किया गया और फिर बेहद सावधानी से गैस को एक अन्य सुरक्षित टैंकर में ट्रांसफर किया गया। सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करते हुए आसपास के क्षेत्रों को कुछ समय के लिए खाली भी कराया गया था।
इस दौरान प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की थी। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और स्थिति को समय रहते संभाल लिया गया।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :विधायक संजीव सरदार ने बाइक से किया डुमुरिया प्रखंड के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा
घटना के बाद प्रशासन द्वारा घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
