Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS :बाल आयोग सदस्य ने एमजीएम अस्पताल में केजीबीवी छात्रा से की मुलाकात, बाल संरक्षण पर डीसी से की चर्चा

जमशेदपुर।
झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य  विकास दोदराजका ने पटमदा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) की छात्रा के साथ कथित शारीरिक दंड की घटना के संबंध में एमजीएम अस्पताल पहुंचकर पीड़ित छात्रा से मुलाकात की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। छात्रा को बीते दिनों विद्यालय में शारीरिक दंड दिए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इस दौरान उन्होंने छात्रा के माता-पिता, चिकित्सकों एवं उपस्थित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मौके पर बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती रूबी साहू, श्री जुझार सोरेन, तथा जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी श्री प्रेम प्रकाश भी मौजूद थे। श्री दोदराजका ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और पीड़ित छात्रा को समुचित मानसिक, शैक्षणिक व चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।

READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :करीम सिटी कॉलेज में नवागत विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, नए सत्र की शुरुआत 5 अगस्त से

आयोग के सदस्य ने बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई को निर्देशित किया कि बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता के साथ काम किया जाए और समय-समय पर निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से इस दिशा में सक्रियता दिखाई जाए।

इसके उपरांत श्री दोदराजका ने उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर अब तक की प्रशासनिक कार्रवाई की समीक्षा की। बैठक के दौरान यह सहमति बनी कि पूर्वी सिंहभूम जिले को बाल मैत्रीपूर्ण एवं सशक्त बनाने हेतु समन्वित प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, किशोर न्याय प्रणाली की समझ को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कार्यशालाएं और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

READ MORE :DSP की वरीयता सूची जारी करने में हाई कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला, अब ऐसे बनेगी नई सूची

यह पहल बच्चों के प्रति संवेदनशील प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ, जिले में बच्चों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए एक ठोस कदम माना जा रहा है।

Exit mobile version