Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :उपायुक्त ने सुनी जनता की फरियादें, सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के आदेश

JAMSHEDPUR ।

जिला समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की शिकायतें सुनीं। डीसी ने लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और शिकायतों का विस्तार से संज्ञान लिया।

जन शिकायत निवारण दिवस में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और प्रशासन के समक्ष विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें सरकारी भूमि पर अतिक्रमण, सड़क निर्माण, पीएमईजीपी ऋण, भूमि सीमांकन, जमीन विवाद, बेदखल की धमकी, जमीन पर कब्जा दिलाने, अंतर जिला स्थानांतरण, आधार सीडिंग, मुआवजा राशि के भुगतान में देरी, मुख्यमंत्री माईयां सम्मान योजना का लाभ, चिकित्सा सहायता, ट्रांसजेंडर पेंशन, आश्रय गृह की मांग, तथा रोजगार सहित अन्य जनहित से जुड़े आवेदन शामिल थे।

उपायुक्त ने प्रत्येक आवेदन को संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को अग्रसारित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान किया जा सके। जहां तत्काल समाधान संभव नहीं है, वहां अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी मामले में लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version