


जमशेदपुर: आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से रेस हो गया है। इसी कड़ी में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में ‘जन शिकायत निवारण दिवस’ का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की फरियाद सुनीं और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पहल से दूर-दराज से आए लोगों को काफी राहत मिली।
इन प्रमुख समस्याओं को लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे नागरिक
जन शिकायत निवारण दिवस में विभिन्न प्रकार के मामले सामने आए। नागरिकों ने राशन कार्ड बनवाने, बकाया राशि का भुगतान, दुकान आवंटन, दिव्यांगता प्रमाण पत्र और कटे हुए बिजली व पानी के कनेक्शन को दोबारा बहाल करने से संबंधित आवेदन सौंपे। इसके अलावा, चिकित्सीय सहायता, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई, शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत बच्चों का नामांकन, जन्म प्रमाण पत्र, नाली निर्माण और छात्रवृत्ति से जुड़ी समस्याएं भी उपायुक्त के समक्ष रखी गईं।
जमीन विवाद और पेंशन के मामलों पर भी हुई सुनवाई
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पारिवारिक विवाद, जमीन विवाद, दिव्यांग पेंशन और शस्त्र लाइसेंस (Arms License) से जुड़े मामले लेकर पहुंचे थे। इसके साथ ही, कई सामाजिक संगठनों और आम लोगों ने सामाजिक व जनहित से जुड़े कई ज्ञापन भी उपायुक्त को सौंपे। राजीव रंजन ने हर एक आवेदन को बारीकी से देखा और शिकायतकर्ताओं को उचित व न्यायपूर्ण समाधान का भरोसा दिया। राहत की बात यह रही कि कई छोटे मामलों का मौके पर ही (ऑन द स्पॉट) समाधान कर दिया गया।
अधिकारियों को समयबद्ध और पारदर्शी कार्रवाई का सख्त निर्देश
उपायुक्त राजीव रंजन ने प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सभी शिकायतों का एक निर्धारित समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से समाधान करना है। सभी विभागीय पदाधिकारी पूरी संवेदनशीलता के साथ आवेदनों पर कार्रवाई करें और जो मामले लंबे समय से लंबित हैं, उनका भी शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें ताकि जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।




