Jamshedpur ।
कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा में प्रशासनिक ढांचे को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कोऑपरेटिव कॉलेज जमशेदपुर के भौतिकी विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं नैक कोऑर्डिनेटर डॉ. रंजीत कर्ण को नया कुलसचिव (Registrar) नियुक्त किया है। कुलाधिपति कार्यालय द्वारा नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी होने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की।
डॉ. रंजीत कर्ण उच्च शिक्षा के क्षेत्र में दो दशक से अधिक समय से सक्रिय हैं। शिक्षण के साथ-साथ वे कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। नैक आंकलन से जुड़े कार्यों में उनका अनुभव काफी समृद्ध माना जाता है। इसी योगदान को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें कुलसचिव का दायित्व सौंपा है।
विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, डॉ. कर्ण ने अपना योगदान तत्काल प्रभाव से विश्वविद्यालय में दे दिया है। उनके योगदान स्वीकार करने के दौरान कुलपति प्रोफ. (डॉ.) अंजिला गुप्ता मौजूद रहीं। कुलपति ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए कहा कि डॉ. कर्ण का अनुभव विश्वविद्यालय प्रशासन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के बीच तालमेल और भी मजबूत होगा तथा लंबित कार्यों के निपटारे में गति आएगी।
कुलपति ने आगे कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय अकादमिक गुणवत्ता और प्रशासनिक पारदर्शिता की दिशा में लगातार प्रयासरत है। ऐसे में एक अनुभवी एवं योग्य अधिकारी का कुलसचिव पद संभालना विश्वविद्यालय परिवार के लिए सकारात्मक संदेश है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ. ए.के. झा ने दी। उन्होंने कहा कि डॉ. कर्ण की नियुक्ति विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आने वाले समय में प्रशासनिक कार्यों को सुचारू बनाने में मदद करेगी।