Lahar Chakra

Jamshedpur News :जिले में HPV टीकाकरण अभियान शुरू, 14 साल की बालिकाओं के लिए जरूरी वैक्सीन, सिविल सर्जन की अपील

जमशेदपुर।

जिले में एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान की शुरुआत सदर अस्पताल परिसर में की गई। इस अभियान का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने किया। उन्होंने कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और बालिकाओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।

 सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी उपाय

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह टीकाकरण अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। यह भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजना का हिस्सा है, जिसका लक्ष्य महिलाओं को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है।

 14 वर्ष की बालिकाओं को टीका जरूरी

जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी डर या भ्रम के अपनी 14 वर्ष या उससे अधिक आयु की बालिकाओं का टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।

 90% तक सुरक्षा देता है टीका

विशेषज्ञों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन 90 प्रतिशत से अधिक मामलों में सर्वाइकल कैंसर और इससे संबंधित अन्य कैंसर के खतरे को कम करता है। डॉ. मिताली घोष ने कहा कि समय पर टीकाकरण से भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।

 टीकाकरण के बाद रखें सावधानी

डॉ. मृत्युंजय धाउड़िआ ने बताया कि टीका लगवाने के बाद लाभार्थियों को 20 से 30 मिनट तक आराम करना चाहिए। इससे सिरदर्द, चक्कर या मितली जैसे हल्के दुष्प्रभावों की स्थिति में तुरंत देखभाल संभव हो पाती है। साथ ही उन्होंने टीकाकरण के दिन भारी शारीरिक गतिविधियों से बचने की सलाह दी

 जागरूकता बढ़ाने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान तीन बालिकाओं को टीका लगाया गया और उन्हें प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें और अधिक से अधिक बालिकाओं को इसका लाभ दिलाएं।

Exit mobile version