


जमशेदपुर।
जमशेदपुर को कोलकाता और भुवनेश्वर से हवाई मार्ग से जोड़ने वाली IndiaOne Air की सेवाएं बंद होने की कगार पर हैं। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को ई-मेल के माध्यम से जानकारी दी है कि केंद्र सरकार की RCS (Regional Connectivity Scheme) की वैधता समाप्त होने वाली है। यदि इस योजना को विस्तार नहीं मिला, तो 31 जनवरी 2026 से जमशेदपुर–कोलकाता और 28 फरवरी 2026 से जमशेदपुर–भुवनेश्वर की हवाई सेवा बंद कर दी जाएगी।
RCS स्कीम समाप्ति से बढ़ी चिंता
कंपनी के अनुसार, RCS स्कीम के तहत मिलने वाली सहायता समाप्त होने के साथ ही सोनारी एयरपोर्ट पर टाटा समूह द्वारा दी जा रही आर्थिक रियायतों का करार भी खत्म हो जाएगा। ऐसे में परिचालन लागत बढ़ने के कारण उड़ान सेवाओं को जारी रखना संभव नहीं रहेगा और सेवाएं बंद करना मजबूरी बन जाएगी।
टाटा स्टील एमडी से मिले कुणाल षडंगी
इस मुद्दे को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षडंगी ने आज टाटा स्टील के मैनेजिंग डायरेक्टर टी. वी. नरेंद्रन से मुलाकात की। उन्होंने आग्रह किया कि जमशेदपुरवासियों की सुविधा को देखते हुए INDIAone Air को सोनारी एयरपोर्ट पर दी जा रही रियायतें आगे भी जारी रखी जाएं, ताकि हवाई सेवाएं बंद न हों।
रनवे विस्तार की भी उठी मांग
कुणाल षडंगी ने टी. वी. नरेंद्रन से यह भी अनुरोध किया कि जब तक धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का कोई स्थायी समाधान नहीं निकलता, तब तक सोनारी एयरपोर्ट के मौजूदा रनवे का विस्तार किया जाए। इससे पहले की तरह ATR विमान यहां उतर सकेंगे और शहर को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
टाटा स्टील का आश्वासन
टाटा स्टील के एमडी टी. वी. नरेंद्रन ने आश्वासन दिया कि यदि केंद्र सरकार जमशेदपुर के लिए RCS स्कीम का विस्तार करती है, तो टाटा कंपनी पहले की तरह लैंडिंग चार्ज, पार्किंग चार्ज और टर्मिनल मैनेजमेंट का खर्च वहन करती रहेगी, ताकि हवाई सेवाएं जारी रह सकें। साथ ही सोनारी एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए तकनीकी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
केंद्र से बातचीत की तैयारी
कुणाल षडंगी ने कहा कि वे इस मामले को लेकर हेमंत सोरेन से आग्रह करेंगे कि वे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय से वार्ता कर जमशेदपुर में RCS स्कीम का समय रहते विस्तार करवाएं, ताकि शहरवासियों को हवाई सेवा से वंचित न होना पड़े।



