


जमशेदपुर: मानगो नगर निगम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनसमस्याओं के समाधान को गति देने के लिए मेयर सुधा गुप्ता ने ‘दिशा’ की अहम बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता, जल आपूर्ति, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराते हुए सरकार से मानगो के लिए विशेष शहरी विकास पैकेज की मांग की है।
आवास योजना और स्लम क्षेत्रों का पुनर्विकास
बैठक में मेयर सुधा गुप्ता ने जोर दिया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY-Urban) के तहत आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लिए लंबित आवास स्वीकृतियों का जल्द निष्पादन किया जाए। अधूरे आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई। इसके साथ ही, उलीडीह और कुमरूम बस्ती जैसे स्लम क्षेत्रों के पुनर्विकास और वहां मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष पैकेज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
स्वच्छता, ड्रेनेज और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन (Urban) को धरातल पर उतारने के लिए डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु अतिरिक्त वाहनों और संसाधनों की मांग रखी गई। मानगो में एक आधुनिक सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थापना, वार्ड स्तर पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण और नाला सफाई व ड्रेनेज सिस्टम के आधुनिकीकरण के लिए विशेष फंड की आवश्यकता पर बल दिया गया।
जलापूर्ति और आधारभूत संरचना का विकास
मानगो क्षेत्र में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने और पुरानी पाइपलाइन बदलने की स्वीकृति मांगी गई। जल जीवन मिशन के तहत नियमित जल आपूर्ति के लिए अतिरिक्त जल टंकी के निर्माण, जल रिसाव रोकने के लिए विशेष तकनीकी सर्वे और ड्राई जोन में नए टैंकर उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया। इसके अलावा, प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण, बेहतर ट्रैफिक व पार्किंग प्रबंधन और नए स्ट्रीट व हाई मास्ट लाइट लगाने की मांग उठाई गई।
शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वर्णरेखा रिवर फ्रंट
शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए वर्कस कॉलेज का जीर्णोद्धार, उलीडीह स्कूल में नए भवन का निर्माण, नए सरकारी हाई स्कूल और स्नातक की पढ़ाई के लिए नए सरकारी कॉलेज की मांग की गई। नगर निगम के 5 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने का भी प्रस्ताव दिया गया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मोबाइल हेल्थ यूनिट, नई एम्बुलेंस और दिव्यांगजनों के लिए सहायता केंद्र की मांग की गई। विशेष अनुरोध के तहत बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए स्वर्णरेखा नदी का रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत सौंदर्यीकरण, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना और मानगो में नए प्रज्ञा केंद्र व आधार केंद्र (Aadhaar Center) खोलने की अहम मांगें भी बैठक में रखी गईं।



