Lahar Chakra

Jamshedpur NEWS: सांसद बिद्युत बरण महतो ने चक्रधरपुर रेल मंडल की विकास परियोजनाओं की की उच्चस्तरीय समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन पर दिया जोर

जमशेदपुर के सांसद बिद्युत बरण महतो ने शनिवार को टाटानगर रेलवे गेस्ट हाउस में चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में संचालित रेलवे विकास परियोजनाओं, अधोसंरचना विस्तार कार्यों तथा यात्री सुविधाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। सांसद ने लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

अमृत भारत स्टेशन योजना और टाटानगर स्टेशन के आधुनिकीकरण पर विशेष चर्चा

बैठक के दौरान टाटानगर रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे आधुनिकीकरण कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा सिदिरसाई रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास, स्टेशन परिसरों के समग्र विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, सुरक्षा और भविष्य की रेल परियोजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

सांसद ने कहा कि टाटानगर रेलवे स्टेशन पूर्वी भारत के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है।

आदित्यपुर-गम्हरिया रेल लाइन दोहरीकरण से मिलेगा औद्योगिक विकास को बढ़ावा

बैठक में आदित्यपुर-गम्हरिया रेलखंड के दोहरीकरण तथा वंदे भारत ट्रेनों के लिए प्रस्तावित नए डिपो के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के औद्योगिक, व्यावसायिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारतीय रेल लगातार आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय परिवहन व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ रही है। चक्रधरपुर रेल मंडल और टाटानगर क्षेत्र का विकास लाखों यात्रियों, उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के लिए लाभकारी साबित होगा।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

सांसद ने रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने विशेष रूप से यात्रियों की सुरक्षा, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, प्रतीक्षालय, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और स्टेशन परिसरों के सुव्यवस्थित विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।

मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने सांसद को बताया कि रेलवे प्रशासन सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से आगे बढ़ा रहा है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

क्षेत्र के समग्र विकास के लिए रेलवे परियोजनाएं होंगी मील का पत्थर

बैठक के अंत में सांसद बिद्युत बरण महतो ने कहा कि बेहतर रेल संपर्क, आधुनिक यात्री सुविधाएं और क्षेत्रीय विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार, रेलवे मंत्रालय और चक्रधरपुर रेल मंडल के समन्वित प्रयासों से टाटानगर सहित पूरे क्षेत्र में रेलवे विकास को नई गति मिलेगी और आम जनता को आधुनिक, सुरक्षित एवं विश्वस्तरीय रेल सेवाओं का लाभ प्राप्त होगा।


Exit mobile version