


जमशेदपुर। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 26 फरवरी को प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल के मद्देनज़र उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थलों, एयरपोर्ट एवं रूट लाइन का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण
अधिकारियों ने श्री जगन्नाथ स्प्रिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर, कदमा तथा मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज का स्थल निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान मंच निर्माण, अतिथि दीर्घा, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, मीडिया प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, अग्निशमन व्यवस्था एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधा की बारीकी से जांच की गई। संबंधित पदाधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सोनारी एयरपोर्ट और रूट लाइन की समीक्षा
उपायुक्त एवं एसएसपी ने सोनारी एयरपोर्ट पहुंचकर आगमन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक निर्धारित रूट लाइन का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा, ट्रैफिक डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, बैरिकेडिंग एवं बलों की तैनाती की समीक्षा की गई।
कारकेड रिहर्सल से परखी गई सुरक्षा
सुरक्षा मानकों के अनुरूप एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक वीआईपी मूवमेंट की समयबद्धता और सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए कारकेड रिहर्सल भी संपन्न कराया गया। इस दौरान सभी संबंधित विभागों ने समन्वित रूप से भाग लिया।
अंतिम चरण में तैयारियां
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को पूर्णतः सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने के लिए सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं। तैयारियां अंतिम चरण में हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।



