जमशेदपुर, 7 जून। त्वरित निर्णय पर आधारित कार्यक्रम के अनुसार रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम की टीम उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम के दिशानिर्देश पर आज घाटशिला प्रखण्ड के बड़ाकुर्शी पंचायत स्थित दारीसाई ग्राम में विलुप्त होती जनजाति सबर के ग्राम पहुंची जहां चांदमनी सबर का इलाज मुख्य रूप से टीम का लक्ष्य था, जिसे आधार कार्ड नहीं होने पर स्थानीय अस्पताल में इलाज नहीं मिला था, लेकिन टीम चिकित्सक एवं स्वास्थ्य शिविर के पूरे सामान के साथ पहुंची तो जांच में पाया कि सिर्फ चांदमनी ही नहीं गांव के सभी बच्चे एवं उनके परिजन भी चिकित्सा के अभाव के साथ ही कुपोषण के शिकार मिले। लगभग सभी बच्चों के शरीर पर एक से ज्यादा घाव एवं फोड़ा थे, बच्चों के घाव और फोड़ा को समय पर ही रेड क्रॉस की टीम ने साफ सफाई कर दवा लगाया और एन्टीसेप्टिक क्रीम के साथ एंटीबायोटिक्स दवा प्रदान किया, यहां रहने वाले 10 सबर परिवार सहित कुल 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गयी और उन्हें जरूरत के अनुसार दवा उपलब्ध कराने के साथ ही जनजातिय समुदाय के बीच बिस्कुट, चिप्स एवं कोल्ड ड्रिंक उन्हें प्रदान किया। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम की 10 सदस्यीय टीम मानद सचिव बिजय कुमार सिंह के साथ घाटशिला स्थित इस सबर ग्राम में पहुंची थी, टीम में डॉ. जया मोइत्रा, वाईस पेट्रन राजेश मोहन प्रसाद, राधेश्याम कुमार, हीरालाल शामिल थें, जमशेदपुर से पहुंची टीम को सहायता प्रदान करने के लिए घाटशिला अनुमंडल स्थित उप जिला शाखा के सचिव सुनील जैन, कार्यालय सचिव सुरेश सिंह चौहान, कार्यकर्ता ललित अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल तथा ग्रामीण कार्यकर्ता मंगल कर्मकार शामिल हुए। रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव बिजय कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन दारिसाई के साथ ही घुटिया के सबर ग्राम में आयोजित कर सबर जनजाति परिवार के स्वास्थ्य की समस्या का समाधान किया जायेगा।
रक्त की कमी दूर करने को 8 जून को रेड क्रॉस भवन में रक्तदान शिविर
जमशेदपुर, 7 जून। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा टाटा स्टील समुह की कम्पनी हिमालया स्टील मिल सर्विसेस प्रा. लि. के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन रेड क्रॉस भवन में 8 जून को प्रातः 9 बजे से लेकर संध्या 4 बजे तक आयोजित किया जायेगा। वर्तमान समय में रक्त की लगातार कमी का सामना जरुरतमंद मरीजों को करना पड़ रहा है, जिसके कारण यह रक्तदान शिविर काफी मह्त्वपूर्ण है।
9 जून को तुरामडीह ए.के.एस. क्लब में स्वास्थ्य शिविर
जमशेदपुर, 7 जून। भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा गर्मी के मौसम में चलाये जा रहे ग्रामीण स्वास्थ्य जागरुकता अभियान की कड़ी में यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के सहयोग से 9 जून को तुरामडीह स्थित ए.के.एस. क्लब में ग्रामीण स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर सह स्वास्थ्य जागरुकता शिविर का आयोजन किया जायेगा।