Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur News :डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुधार के लिए नागरिक समन्वय पर समीक्षा बैठक,उप नगर आयुक्त ने कचरा प्रबंधन और नागरिक सहभागिता को बढ़ाने की पहल की

JAMSHEDPUR:
शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिक समन्वय को मजबूत करने के उद्देश्य से जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) के उप नगर आयुक्त  कृष्ण कुमार की अध्यक्षता में आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्वच्छता निरीक्षक, सिटी मैनेजर, पर्यवेक्षक और एजेंसी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उप नगर आयुक्त ने सभी को निर्देशित किया कि वे वार्डों में नागरिकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करें, ताकि कचरा संग्रहण सुचारू और समयबद्ध तरीके से हो।

बैठक में उठाए गए मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं:

सभी घरों में 100% डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण सुनिश्चित करना

नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निवारण और फील्ड मॉनिटरिंग

कलेक्शन वाहनों के रूट प्लानिंग और ट्रैकिंग को मजबूत बनाना

स्वच्छता कर्मियों और वार्ड प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय

स्रोत पर कचरा पृथक्करण के लिए नागरिकों को जागरूक करना

बाज़ार एवं समुदाय स्तर पर जागरूकता अभियान बढ़ाना

उप नगर आयुक्त  कृष्ण कुमार ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखना सिर्फ प्रशासन का काम नहीं है, बल्कि नागरिकों का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी टीमों को निर्देश दिया कि वे नियमित वार्ड-स्तरीय संवाद, फीडबैक संग्रहण और स्पॉट वेरिफिकेशन पर विशेष ध्यान दें।

JNAC की ओर से यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं कि शहरी क्षेत्र में कचरा प्रबंधन अधिक पारदर्शी, प्रभावी और नागरिक-अनुकूल बने। उप नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों और एजेंसी प्रतिनिधियों से कहा कि वे नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

इस बैठक का उद्देश्य केवल कचरा संग्रहण सुधारना नहीं बल्कि नागरिकों और प्रशासन के बीच विश्वास और समन्वय को मजबूत करना भी है।

Exit mobile version