
जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र में महिला को बंधक बनाकर मारपीट और लूटपाट करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटे गए सोने के आभूषणों को गलाने के बाद चपटा गोलाकार अवस्था में करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया है।
एसओआईआर कर्मी बनकर फ्लैट में घुसे थे आरोपी
घटना 31 अगस्त 2026 की है। मानगो रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान कॉम्प्लेक्स के गोविन्दा ब्लॉक में फ्लैट नंबर ई/5 के पांचवें तल पर अज्ञात अपराधियों ने एक महिला को बंधक बना लिया था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी एसओआईआर कर्मी बनकर फ्लैट में दाखिल हुए थे। इसके बाद उन्होंने वादिनी लीलावती अम्मा के साथ मारपीट की और उनके सोने के आभूषण लूट लिए।
पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर 2 सितंबर 2026 को मानगो थाना में कांड संख्या 186/2026 दर्ज किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी और मानवीय आसूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, लूटे गए आभूषणों को गलाने के बाद उनका स्वरूप बदल दिया गया था, जिसे बरामद कर लिया गया है।
चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में राकेश बहादुर उर्फ राकू (45), निवासी बिरसानगर जोन नंबर-6, ज्ञानदीप स्कूल के पास; अभिषेक कुमार दास (26), निवासी बारीडीह बस्ती, बागुनहातू डी ब्लॉक, सिदगोड़ा; तबस्सुम खातुन (35), निवासी जुगसलाई महतो पाड़ा रोड, शगुफ्ता होटल के पास और समरेश पॉल उर्फ नन्टू पॉल (48), निवासी टीचर्स कॉलोनी, डिमना रोड, मानगो शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक राकेश बहादुर के खिलाफ बागबेड़ा और जुगसलाई थाना में डकैती व आर्म्स एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं। अभिषेक कुमार दास के खिलाफ सिदगोड़ा थाना में एक मामला दर्ज है। वहीं समरेश पॉल के खिलाफ परसुडीह और जीआरपी थाना में दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
20 ग्राम सोना बरामद
पुलिस ने लूटे गए आभूषणों को गलाने के बाद तैयार किए गए चपटे गोलाकार स्वरूप में करीब 20 ग्राम सोना बरामद किया है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
छापामारी दल में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी, मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद, अनुसंधानकर्ता अमित कुमार-03, संजय कुमार, रविशंकर कुमार, अमर पोद्दार, चंदन कुमार, महेंद्र कुमार, मो. जफर अली, अमित कुमार-02 सहित सशस्त्र बल के मधुसूदन बानरा, उमेश कुमार यादव, बलराम गोप और गृह रक्षक चालक राहुल कुमार शामिल थे।
