जमशेदपुर। श्री श्याम भटली परिवार, जमशेदपुर के तत्वावधान में रविवार को 105 सदस्यीय दल ने धार्मिक आस्था और प्राकृतिक पर्यटन से जुड़ा भ्रमण किया। संस्था के अध्यक्ष गगन रूस्तगी एवं महासचिव ललित डाँगा के नेतृत्व में सदस्यों ने दलमा की प्राचीन शिव गुफा पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके बाद विधिवत पूजन और आरती के साथ ताली कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने दलमा के शीर्ष शिखर पर विराजमान बजरंगबली के मंदिर में दर्शन किए। इसके साथ ही दलमा माई की गुफा में भी श्रद्धालुओं ने माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
दलमा के प्राकृतिक स्थलों का किया भ्रमण
धार्मिक कार्यक्रम के बाद सभी सदस्य दलमा रिसॉर्ट पहुंचे, जहां वनभोज का आयोजन किया गया। सदस्यों ने सामूहिक रूप से वनभोज का आनंद उठाया और आपसी मेलजोल के साथ समय बिताया।
वापसी के दौरान दल जंगल के रास्ते से सिंह गुफा और हाथी झरना पहुंचा। यहां सदस्यों ने प्राकृतिक वातावरण और आसपास के मनोरम दृश्यों का आनंद लिया। इसके बाद मकुलकोचा पहुंचकर हिरण पार्क, बटरफ्लाई पार्क और मड हाउस का भ्रमण किया।
यात्रा के अंतिम पड़ाव पर सभी सदस्य चांडिल डैम पहुंचे। यहां उन्होंने नौका विहार का आनंद लिया और प्राकृतिक सौंदर्य का लुत्फ उठाया।
धार्मिक आस्था, भक्ति और प्राकृतिक पर्यटन से जुड़ी यह यात्रा सदस्यों के लिए यादगार रही। पूरे भ्रमण के दौरान सदस्यों में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। भक्ति और आनंद से सराबोर यह यात्रा धूमधाम के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई।