
जमशेदपुर। शहर की धार्मिक संस्था श्री श्याम जागरण मंच जमशेदपुर के सदस्यों की टोली सोमवार को हवाई मार्ग से राजस्थान स्थित खाटू श्याम जी मंदिर पहुंची। तीन अलग-अलग समूहों में पहुंचे श्याम प्रेमी अपने कुलदेवता श्री श्याम प्रभु के दर्शन एवं ध्वज अर्पण के लिए खाटू धाम पहुंचे हैं।
फागुण सप्तमी पर होगा विशेष पूजन
मंगलवार 24 फरवरी को फागुण माह की सप्तमी के अवसर पर सभी सदस्य परसराम पुरीया धर्मशाला, रिंग्स से ध्वज पूजन-अर्चन कर प्रभु श्री श्याम के चरणों में ध्वज अर्पित करेंगे। यह परंपरा मंच के सदस्यों द्वारा वर्षों से निभाई जा रही है।
श्याम प्रेमियों की सहभागिता
खाटू धाम यात्रा में मारवाड़ी सम्मेलन साकची शाखा अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल सहित विमल रिंगसिया, अशोक अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, अमित सिन्हा, अमित मोदी, गोपाल रिंगसिया, कमल अग्रवाल, कविता, बबीता, रेखा, सुनीता समेत अनेक श्याम भक्त शामिल हैं।
अपने हाथों से बनाते हैं ध्वजा
मंच के सभी श्याम प्रेमी अपने हाथों से छोटी-छोटी ध्वजाएं तैयार करते हैं और प्रभु को समर्पित करते हैं। निशान यात्रा के दौरान प्रभु की अलौकिक झांकी, लड्डू गोपाल की पालकी और मधुर भजनों के साथ भक्तगण भक्ति रस में सराबोर होकर खाटू धाम पहुंचते हैं।
विश्व शांति की कामना
भक्तगण प्रभु श्री श्याम से देश-दुनिया में सुख, समृद्धि और शांति बनाए रखने की प्रार्थना करते हैं। सदस्यों का कहना है कि प्रभु के प्रति उनका प्रेम और आस्था ही उन्हें हर वर्ष इस पावन धाम तक खींच लाती है।श्याम भक्तों का यह आध्यात्मिक सफर भक्ति, श्रद्धा और समर्पण का अनुपम उदाहरण है।
