


जमशेदपुर .
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम के सहयोग से बिष्टुपुर स्थित चैम्बर भवन में एसआईआर मैपिंग, वोटर आईडी एवं आधार कार्ड सेवा कैंप का सफल आयोजन किया गया। इस जनहितकारी शिविर में व्यापारियों, उद्यमियों और आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे दिन चले इस कैंप में करीब 300 लोगों ने विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया।
तीन महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए लगा विशेष कैंप
इस कैंप में नागरिकों को एसआईआर मैपिंग, वोटर आईडी सुधार और आधार कार्ड से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन की ओर से नियुक्त कर्मियों ने लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया, जिससे कैंप में पहुंचे लोगों को काफी राहत मिली।
300 लोगों ने कराया जरूरी दस्तावेजों का कार्य
कैंप के दौरान कुल 98 लोगों ने एसआईआर मैपिंग कराई। वहीं 105 लोगों ने वोटर आईडी से संबंधित कार्य पूरे किए। इसके अलावा 96 लोगों ने आधार कार्ड में सुधार, अपडेट और नया आधार कार्ड बनवाने जैसी सेवाओं का लाभ उठाया।
लोगों ने मतदाता सूची में एसआईआर-2003 मैपिंग, पुराने वोटर कार्ड में त्रुटि सुधार, नए वोटर कार्ड के आवेदन और आधार अपडेट जैसे कार्य बेहद आसानी से पूरे किए। कैंप में मौजूद लोगों ने इस व्यवस्था की सराहना की।
चैम्बर अध्यक्ष ने प्रशासन का जताया आभार
इस अवसर पर चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में शुरू होने वाली एसआईआर प्रक्रिया को देखते हुए इस प्रकार का कैंप बेहद जरूरी था।
उन्होंने बताया कि व्यापारी एवं नौकरीपेशा लोग व्यस्तता के कारण सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगा पाते हैं। ऐसे में एक ही स्थान पर सभी सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों को काफी सुविधा मिली।
प्रशासनिक टीम ने किया बेहतरीन कार्य
कैंप के सफल संचालन के लिए उपायुक्त कार्यालय से निर्वाचन शाखा के कम्प्यूटर ऑपरेटर रामस्वरूप राम, सुलभ मंडल, दीपक कुमार, अविनाश भंज और अमित कुमार पांडेय को प्रतिनियुक्त किया गया था। सभी कर्मियों ने पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते हुए लोगों की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया।
भविष्य में भी लगेंगे जनहित के कैंप
चैम्बर उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल गोल्डी एवं सचिव सुरेश शर्मा लिपु ने कहा कि व्यवसायियों और आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए आगे भी इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे। कैंप को सफल बनाने में भव्या मेहता, महेश संघी समेत कई पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई।




