
जमशेदपुर,:
सवर्ण महासंघ फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी. डी. त्रिपाठी की अध्यक्षता में सौंपा गया, जिसमें सवर्ण समाज की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्रीय स्तर पर सवर्ण आयोग के गठन और भारतीय जनता पार्टी में सवर्ण मोर्चा की स्थापना की मांग की गई।
इस मौके पर श्री त्रिपाठी ने कहा कि सवर्ण समाज, जो सदियों से राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है, आज सामाजिक रूप से हाशिए पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा, “यह समाज जो राष्ट्रभक्ति, समरसता और समतामूलक सोच का प्रतीक रहा है, आज देश में दोयम दर्जे का नागरिक बनकर रह गया है। उसके त्याग और बलिदान को नजरअंदाज किया जा रहा है।”
त्रिपाठी ने यह भी कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में जब तक सभी समाजों को बराबर की भागीदारी नहीं मिलेगी, तब तक सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास का नारा अधूरा रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वे इस दिशा में ठोस और साहसिक कदम उठाएं, ताकि सवर्ण समाज को भी राजनीतिक व संस्थागत सुरक्षा मिल सके।
ज्ञापन में यह स्पष्ट किया गया कि आज सवर्ण समाज के लिए न कोई आयोग है और न ही पार्टी में कोई मंच, जिससे समाज में असंतोष और हताशा बढ़ रही है। त्रिपाठी ने कहा कि सवर्ण समाज को एकतरफा रूप से ‘जन्मजात शोषक’ की छवि देकर उसे अपमानित किया जा रहा है, जो अस्वीकार्य है।
इस अवसर पर मौजूद प्रतिनिधि मंडल में कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे, जिनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांवरलाल शर्मा, झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबू बिरेंद्र सिंह, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अनिशा सिंहा, संयोजक रजनी सिंह, प्रदेश महामंत्री रविशंकर तिवारी, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष प्रमोद उपाध्याय, सरायकेला खरसावां जिलाध्यक्ष मनीष सिंह वंदन, आईटी सेल प्रदेश अध्यक्ष रविकांत तिवारी और मीडिया प्रभारी विजय कुमार सिंह प्रमुख थे।
ज्ञापन सौंपने के बाद प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व इस गंभीर मांग पर सकारात्मक निर्णय लेंगे।
