


Jamshedpur. जमशेदपुर एसएसपी ने गुरुवार को अपने कार्यालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की. बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर) समेत शहरी क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक (एस आई) तथा थाना प्रभारियों की उपस्थिति रही. बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की कार्रवाई की गहन समीक्षा करना था.
इस दौरान एसएसपी ने तीन प्रमुख बिंदुओं पर बाद की, जिसमें अवैध मादक पदार्थों की तस्करी विशेषकर ड्रग्स पैडलर्स पर कार्रवाई, अवैध हथियार के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई, लंबित कांडों के निष्पादन की विस्तार से समीक्षा की गयी . उन्होंने अपने संबोधन में जोर दिया कि शहर में नशा तस्करी एक गंभीर चुनौती बनती जा रही है, जिस पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी, गिरफ्तारी और नेटवर्क ध्वस्त करने की रणनीति अपनाई जाए. इसके साथ ही अवैध हथियार रखने वालों और सप्लायरों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, उनके स्रोतों की पहचान कर नेटवर्क को जड़ से खत्म करने का निर्देश दिया गया. लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने, अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने और अभियोजन को मजबूत करने पर भी विशेष रूप से बल दिया गया.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक थाना स्तर पर नियमित रूप से अभियान चलाया जाए, अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा बरामदगी की कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी थाना प्रभारियों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी तत्परता और पेशेवर दृष्टिकोण से करना होगा. उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि आगामी सप्ताह में बेहतर परिणाम दिखाई देने चाहिए.



