


Jamshedpur. जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलूंग में शनिवार देर रात सड़क हादसा सामने आया. यहां तेज रफ्तार में जा रही अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर पलट गयी, जिससे टाटा स्टील के वायर रॉड मिल में कार्यरत क्रेन ऑपरेटर प्रमोद कुमार सिंह (57) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं उमा शंकर नोनिया (47), नंदू यादव (50), परीक्षित बेनुधर (28), जय बनर्जी (50), बिनेश टूद्दू (33) समेत छह अन्य जख्मी हैं. सभी एक सहकर्मी के जुड़वा बच्चों के जन्म की खुशी में पार्टी मनाकर लौट रहे थे. प्रमोद सिंह के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कार में प्रमोद सिंह के साथ वायर रॉड मिल के ही कमेटी मेंबर आरके सिंह भी सवार थे, जो चालक के बगल वाली सीट पर थे.
हादसे के बाद उन्हें शीशा तोड़कर और सीट बेल्ट काटकर बाहर निकाला गया. अन्य घायल कर्मचारियों को भी कार से निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. मृतक प्रमोद कुमार सिंह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित भूषण कालोनी के निवासी थे.
हादसे की सूचना मिलते ही उनके परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया.



