


Jamshedpur.पोटका थाना क्षेत्र के टाटा–चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच-220) पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाता तिरिंग के बीच स्थित पुलिया के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार तीन छात्रों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में तीनों छात्र घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, घायल छात्र गांधी कॉलेज सिजुलता के निवासी हैं और कॉलेज में रहकर पढ़ाई करते हैं। रविवार को छुट्टी होने के कारण तीनों छात्र—बोकारो निवासी अलताब चांडिल, मनोज गोप और चक्रधरपुर निवासी अभिजीत प्रधान—होंडा साइन मोटरसाइकिल से हाता बाजार जा रहे थे।
इसी दौरान तिरिंग पुल के पास, जहां पहुंच मार्ग काफी खराब है, छात्रों ने बाइक की गति धीमी कर ब्रेक लगाया। तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक (ओडी 34 डी/2043) ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे जा घुसी।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और कॉलेज प्रबंधन की मदद से घायलों को तुरंत इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), जमशेदपुर भेजा गया।



