


Jamshedpur. साकची के वी2 शॉपिंग मॉल के पास 31 मई की रात हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. शनिवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में आरिफ अली और आलमगीर खान शामिल हैं.
पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो भी बरामद की है. सिटी एसपी के अनुसार, फायरिंग की यह वारदात बकाया पैसे के बंटवारे को लेकर नदीम और दानिश गुट के बीच हुई थी. गिरफ्तार आरिफ अली, मानगो के जवाहर नगर रोड नंबर 14 का रहने वाला है, जबकि आलमगीर खान आजाद बस्ती फॉरेस्ट लाइन का निवासी है. पूछताछ के दौरान आरिफ अली ने स्वीकार किया कि फायरिंग के बाद दानिश ने उसे पिस्तौल सौंप दी थी, जिसे वह स्कॉर्पियो में छिपाकर घूम रहा था.
जांच के उपरांत दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है.



