मानगो, छायानगर, भुईंयाडीह और बारीडीह में छठव्रतियों के बीच पूजन व प्रसाद सामग्री वितरित, श्रद्धालुओं की सेवा के प्रयासों की सराहना

जमशेदपुर। लोकआस्था के महापर्व छठ के नहाय-खाय के अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छठव्रतियों और श्रद्धालुओं के बीच पूजन सामग्री तथा प्रसाद तैयार करने में उपयोग होने वाली सामग्रियों के वितरण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

विधायक ने सबसे पहले मानगो चौक पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से संचालित थोक भाव फल बिक्री केंद्र का उद्घाटन किया। इस केंद्र के माध्यम से छठ पूजा में उपयोग होने वाले विभिन्न फल उचित मूल्य पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को पर्व की खरीदारी में सहूलियत देना है।
इसके बाद सरयू राय छायानगर, भुईंयाडीह में आयोजित छठ पूजन सामग्री वितरण समारोह में पहुंचे। यहां दर्जनों श्रद्धालुओं के बीच पूजा में उपयोग होने वाली सामग्री वितरित की गई। इसके बाद उन्होंने बारीडीह चौक पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां छठ का प्रसाद तैयार करने में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया गया।
विधायक ने मानगो चौक पर भी प्रसाद निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्रियों के वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा और सहयोग के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रमों के क्रम में सरयू राय भुईंयाडीह स्थित बार एसोसिएशन भी पहुंचे। यहां उन्होंने अधिवक्ताओं से मुलाकात की और उन्हें आगामी रामार्चा पूजा का निमंत्रण पत्र सौंपा।


